Big Weather Alert: अप्रैल में भीषण गर्मी की मार झेलने के बाद मौसम को लेकर राहत भरी खबर है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक राज्यभर में मई में अधिकतम तापमान सामान्य व इसके आसपास रहने के आसार हैं। आरंभ के तीन-चार दिनों में यह स्थिति दिखने भी लगी है।
दीर्घकालिक मौसम पूर्वानुमान में यह बताया गया है कि अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकतर भाग में एक खास अंतराल पर बादल छाते रहेंगे और बारिश की गतिविधियां भी दिखेंगी। मई में राज्यभर में कालवैशाखी की सक्रियता भी रहेगी।
आंधी-पानी की स्थिति बनने से तापमान नियंत्रित रहेगा। पूरे महीने के दौरान राज्य के अधिकतर भाग में सामान्य से अधिक बारिश का पूर्वानुमान है। तापमान बढ़ने की स्थिति में वातावरण में नमी होने की वजह से मेघ गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और कुछ जगहों पर तेज आंधी की स्थिति में बढ़ोतरी होगी।
पूरे मई महीने में राज्य में अधिकतम तापमान नियंत्रित रहेगा। पुरवा हवा प्रभावी रहेगी। बारिश की गतिविधियां भी बेहतर रहेंगी। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो तीन डिग्री अधिक रह सकता है।
– विवेक सिन्हा, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र, पटना
इनपुट: चंदन द्विवेदी (दिंदुस्तान)