Winter Travel Tour to Nepal : खूबसूरती के मामले में नेपाल का कोई मुकाबला नहीं है. यहां पहाड़ की चोटियों से लेकर मंदिर तक हर जगह घूमने योग्य है. अगर आप सर्दी के मौसम में छुट्टियों का आनंद लेना चाहते हैं तो, नेपाल की इन जगहों पर जाने का प्लान जरूर बनाएं :
Winter Travel : नेपाल एक खूबसूरत देश है और यहां पर दुनिया भर से पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। पहाड़ों की चोटियों से लेकर सुंदर मंदिर और मठ यहां की खासियत हैं। अगर आप कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो अपनी लिस्ट में नेपाल का नाम भी जरूर ऐड कर लीजिए। पोखरा नेपाल (Nepal) का प्रसिद्द शहर है। यहां आपको जरूर जाना चाहिए।
पोखरा, नेपाल के मध्य में स्थित एक खूबसूरत शहर है जो फेवा झील के किनारे पर बसा हुआ है। पोखरा अपनी प्राकृतिक सुंदरता और कई हिंदू मंदिरों के लिए जाना जाता है। इसके अलावा, यहां झील किनारे कई मनमोहक रेस्टोरेंट्स और कैफे हैं। पोखरा (Pokhara) अपने योग केंद्र के लिए भी काफी मशहूर है।
फेवा झील –
फेवा झील को पोखरा की पहचान की तौर पर देखा जाता है, साथ ही यह नेपाल की दूसरी सबसे बड़ी झील है। फेवा के उत्तर-पूर्वी किनारे से आप झील का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं। शहर की सबसे अधिक व्यापारिक गतिविधियां यहीं होती हैं। यहां पर्यटकों के आकर्षण के कई केंद्र हैं। यहां आप झील में नौका विहार और झील के किनारे कैफे में बैठ कर गर्म चाय का आनंद ले सकते हैं। यहां से आप हिमालय के खूबसूरत नजारों का लुत्फ भी ले सकते हैं।
ताल बाराही मंदिर-
ताल वरही या ताल बाराही मंदिर देवी दुर्गा को समर्पित है। ये मंदिर फेवा झील में एक छोटे से द्वीप पर बनाया गया है। इस मंदिर के दर्शन करने के लिए नेपाल और दुनिया भर से श्रद्धालु आते हैं।
देवी फॉल-
देवी फॉल या पाटले छांगो (स्थानीय भाषा में) पोखरा में घूमने के लिए एक और प्रमुख स्थान है। देवी फॉल का अर्थ है भूमिगत झरना। ये फॉल काफी अनोखा है क्योंकि एक बिंदु आता है जहां धारा अचानक गायब होकर भूमिगत हो जाती है। इस झरने की सुंदरता को देखने के लिए मॉनसून का मौसम सबसे अच्छा समय माना जाता है।
शांति स्तूप-
इसे विश्व शांति स्थल के नाम से भी जाना जाता है। यह एक बौद्ध स्मारक है जो पहाड़ी पर स्थित है। इस पहाड़ी से फेवा झील भी नजर आती है। यह स्तूप विश्व शांति को समर्पित है और नेपाल का दूसरा शांति स्तूप है।
इंटरनेशनल माउंटेन म्यूजियम-
अगर आप पहाड़ों के शौकीन हैं तो यह म्यूजियम आप जैसों के लिए ही बना है। यहां आकर आप पहाड़ों की दुनिया के बारे में बहुत सी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यहां हिमालयी पहाड़ों से जुड़े अभियानों के बारे में सभी प्रकार के रिकॉर्ड्स मौजूद हैं।
पुराना बाजार-
पोखरा का पुराना बाजार बेजोड़ स्थानीय हस्तशिल्प और अपनी पारंपरिक पोशाक के लिए जाना जाता है। पुराने बाजार में स्थानीय रूप से उत्पादित वस्तुओं की बिक्री होती है।
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. Bihartoday.net पर विस्तार से पढ़ें बिहार से जुड़े ताजा-तरीन खबरें.