टेलीविजन की दुनिया के मशहूर अभिनेता अनुपम श्याम का 63 वर्ष की आयु में रविवार देर रात निधन हो गया। मुंबई में मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हुआ है। अभिनेता अनुपम श्याम ने कई लोकप्रिय फिल्मों में खलनायक की भूमिकाएं निभाकर लोगों के दिलों में अपने अभिनय से खास जगह बनाई थी। गौरतलब है कि पिछले साल उन्हें किडनी की बीमारी के चलते भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके कुछ समय बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। अनुपम श्याम के ठीक होने के बाद उनकी नियमित रूप से डायलिसिस करवाई जा रही थी। इस साल यानी 2021 में टीवी सीरियल ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ के सीजन 2 लॉन्च होने पर वह काम पर वापस आ गए थे।
यूपी के प्रतापगढ़ में अनुपम का हुआ था जन्म : अनुपम श्याम का जन्म 20 सितंबर 1957 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई प्रतापगढ़ में ही हुई थी। उसके बाद उन्होंने लखनऊ के भारतेन्दु नाट्य अकादमी से थिएटर की शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद दिल्ली के श्रीराम सेंटर रंगमंडल में काम किया। वहां से वह नेशनल स्कूल ऑफ ड्रॉमा से जुड़ गए।
पिछले काफी समय से वह स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनकी लगातार डायलिसिस की जा रही थी। उनकी बीमारी के समय उनके परिवार के सदस्यों ने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन से मदद मांगी थी। वहीं उनके भाई ने खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए लोगों से मदद की अपील की थी। जिसके बाद लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया और उनका इलाज हो सका। उनकी हालत के बारे में पता चलने के बाद बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने भी उनकी मदद की थी।इलाज के बाद उनकी हालत कुछ स्थिर हो गई थी। इसके बाद वे काम पर लौट गए थे।
View this post on Instagram
ज्यादातर में निभाई है ‘खलनायक’ की भूमिकाएँ : अनुपम श्याम ने ज्यादातर खलनायक की भूमिकाएँ निभाई है। ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ में ठाकुर सज्जन सिंह के रूप में अभिनय किया। उन्होंने कुछ इंटरनेशनल फिल्मों में भी काम किया। यह बहुत ही कम लोगों को पता है कि अभिनेता ने 2008 में फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर में अभिनय किया था। इस फिल्म में अनुपम ने ऐसा किरदार निभाया था, जो भीख मंगवाने के लिए बच्चों को अंधा बनाता था।
मन की आवाज प्रतिज्ञा के बारे में : यह सीरियल टीवी इंडस्ट्री का हिट सीरियल रहा है, जिसे हर उम्र के दर्शक पसंद करते रहे हैं। इस शो के पहले सीजन को फैंस ने खूब पसंद किया, लेकिन इसका दूसरा सीजन छोटे पर्दे पर वैसा कुछ नहीं कर पाया है, जो पहले सीजन में दिखा था। खबरों के अनुसार शो जल्द ही ऑफ एयर होने वाला है। हालांकि शो इस साल मार्च महीने में ऑन एयर हुआ था ।
अनुपम श्याम की हिंदी फ़िल्में : हिंदी फिल्मों में शक्ति, हल्ला बोल और रक्तचरित, परजानिया, दास कैपिटल, पान सिंह तोमर, हजार चौरासी की मां, दुश्मन, सत्या, दिल से, जख्म, कच्चे धागे, तक्षक, बवंडर, नायक, कसूर, लगान और लज्जा चर्चित रहीं। उनकी अन्य लोकप्रिय फिल्मों में नायक, दुबई रिटर्न, परजानिया, लज्जा, हजारों ख्वाहिशें ऐसी, शक्ति: द पावर शामिल हैं। वे शेखर कपूर की फिल्म बैंडिट क्वीन का भी अहम हिस्सा रहे थे।